डिस्प्ले बोर्ड खराब, यात्रियों को नहीं मिल रही सही जानकारी
हरिद्वार बस अड्डे पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड खराब हो चुके हैं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। करीब 20 से अधिक डिस्प्ले बोर्ड बस अड्डे के दोनों ओर लगाए गए थे, ताकि यात्रियों को बसों की सही जानकारी मिल सके, लेकिन अब ये बोर्ड बंद पड़े हैं।
यात्री इधर-उधर भटकने को मजबूर
हरिद्वार बस अड्डे पर रोजाना 15,000 से अधिक यात्री आते-जाते हैं। उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान सहित कई राज्यों की बसों का यहां से संचालन होता है। मगर खराब डिस्प्ले बोर्डों के चलते यात्रियों को सही जानकारी नहीं मिल पा रही है, जिससे वे इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।
पूछताछ केंद्र भी बंद, समस्याएं बढ़ीं
यात्रियों की जानकारी के लिए बनाए गए राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पूछताछ केंद्रों पर भी कर्मचारी मौजूद नहीं रहते। मंगलवार को जब अमर उजाला की टीम ने पड़ताल की, तो यह देखने को मिला कि अधिकांश बोर्ड खराब पड़े हैं और पूछताछ केंद्र भी बंद थे। इससे यात्री खासे परेशान नजर आए।
रखरखाव को लेकर उठे सवाल
2022 में लगाए गए ये डिस्प्ले बोर्ड कुछ ही समय में खराब होने लगे थे। पहले भी कई बार इनकी मरम्मत करवाई गई, लेकिन फिर से इनमें खराबी आ गई है। इस स्थिति ने उत्तराखंड परिवहन निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि अगर जल्द ही इन बोर्डों को ठीक नहीं किया गया, तो उनकी परेशानियां और बढ़ जाएंगी