उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड

उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम

उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि सुबह और शाम के समय सर्द हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है, लेकिन दोपहर के समय चटख धूप खिलने के कारण तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी के महीने में इस तरह का तापमान असामान्य है, जिससे जल संकट की संभावना बढ़ सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की ठंडी हवाएं उत्तराखंड तक नहीं पहुंच पाई हैं। इसी वजह से वर्ष 2025 की शुरुआत से अब तक राज्य में बारिश और बर्फबारी काफी कम दर्ज की गई है। पहाड़ों में बर्फबारी की कमी से नदियों और जलाशयों में पानी की मात्रा घटने की संभावना जताई जा रही है, जिससे गर्मियों में जल संकट गहरा सकता है।

देहरादून का मौसम

राजधानी देहरादून में 7 फरवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह हल्का कुहासा देखा जा सकता है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। गुरुवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का असर

हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यातायात पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों में हल्की बारिश होने से ठंड में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह के अनुसार, आगामी शनिवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इससे पर्वतीय इलाकों में ठंड में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *